BREAKING NEWS
2026-08-10

ग्वालियर लोकायुक्त टीम ने अशोकनगर में लाइनमैन को ₹5,000 रिश्वत लेते पकड़ा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, अशोकनगर।

लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने अशोकनगर में एक बड़ी कार्रवाई की है। विद्युत विभाग में पदस्थ लाइनमैन बाबूराम पटेल को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। यह रिश्वत आटा चक्की के लिए विद्युत कनेक्शन लगवाने के एवज में मांगी गई थी।

Advertisement

ग्राम कुकररेठा, पिपरई निवासी शिकायतकर्ता श्रीराम बैरागी ने आटा चक्की के संचालन हेतु एसएसपी मोटर के लिए विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। आवेदन के काफी समय बाद भी कनेक्शन नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित विद्युत कार्यालय में संपर्क किया।

आरोप है कि कार्यालय में संपर्क करने के दौरान लाइनमैन बाबूराम पटेल ने श्रीराम बैरागी से विद्युत कनेक्शन कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

परेशान होकर श्रीराम बैरागी ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त ग्वालियर से की। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त संगठन ने इसे गंभीरता से लेते हुए शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

योजना के अनुसार, शुक्रवार को लोकायुक्त ग्वालियर की टीम अशोकनगर पहुंची। शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच तय बातचीत के मुताबिक, रिश्वत की राशि की पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये दिए गए। जैसे ही लाइनमैन बाबूराम पटेल ने रिश्वत के रुपये लिए, पहले से तैयार लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

ट्रैप के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के हाथों का परीक्षण करने पर उनका रंग गुलाबी हो गया। लोकायुक्त की इस अचानक हुई कार्रवाई से आरोपी लाइनमैन के चेहरे का रंग उड़ गया।

इस कार्रवाई का नेतृत्व ग्वालियर लोकायुक्त के निरीक्षक उपेंद्र दुबे ने किया। उनके साथ लोकायुक्त टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

ट्रैप के बाद आरोपी को साथ लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। टीम द्वारा रिश्वत की राशि जब्त करने के साथ ही मामले से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मौके की कार्रवाई के बाद आरोपी को लेकर एक रेस्टोरेंट में शेष कागजी एवं वैधानिक प्रक्रिया पूरी किए जाने की बात भी सामने आई है।

लोकायुक्त टीम के अनुसार, शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें लाइनमैन को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। इस मामले में लोकायुक्त द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप की स्थिति है।

टीकमगढ़ में लोकायुक्त की एक अन्य कार्रवाई में, स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी को नौकरी का झांसा देकर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।