बुलंद सोच, शहडोल।
_m.webp)
बाणसागर बांध का जलस्तर लगभग पूर्ण भराव के करीब पहुंच गया है। बांध में पानी की लगातार आवक को देखते हुए सोमवार से ही आठ रेडियल गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 सितंबर को सुबह 08 बजे तक बांध का जलस्तर 341.58 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि पूर्ण भराव स्तर 341.64 मीटर है। इस प्रकार बांध 98.42 प्रतिशत तक भर चुका है। पिछले साल इसी दिन जलस्तर 341.50 मीटर था।
बांध में वर्तमान में 5343.89 मिलियन क्यूबिक मीटर (MCM) जल का जीवित भंडारण है।
बांध में वर्तमान में 2466.83 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है, जबकि कुल निकासी 3458.84 क्यूमेक है।
निकासी में बिजली घर क्रमांक-3 से 174.84 क्यूमेक, दांई मुख्य नहर से 01 क्यूमेक, भितरी नहर से 01 क्यूमेक और वाष्पीकरण हानि 05 क्यूमेक शामिल है।
सबसे अधिक पानी स्पिलवे के माध्यम से छोड़ा जा रहा है। बांध के 8 रेडियल गेट क्रमांक 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12 और 13 को 2-2 मीटर तक खोला गया है, जिनसे कुल 3277 क्यूमेक पानी सोन नदी में छोड़ा जा रहा है। विभाग के अनुसार, कल से ही आठ गेट से लगातार पानी निकाला जा रहा है।
कार्यपालन यंत्री एश के शर्मा ने बताया कि लगातार बांध में पानी की आवक होने के कारण अभी 8 गेट से पानी की निकासी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 2 दिन से 8 गेट से पानी की निकासी हो रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
निचले क्षेत्रों में सतर्कता
देवलोंद स्टेशन पर आज सुबह 8 बजे तक 40.64 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इस सीजन की अब तक की कुल वर्षा 789.09 मिलीमीटर हो चुकी है।
बांध के गेट खुले होने से सोन नदी के निचले क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की संभावना है।
प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

