बुलंद सोच, बड़वानी।

मेघनगर से बड़वानी आ रही एक यात्री बस में सवार एक यात्री ने कसरावद पुल से गुजरते समय नर्मदा नदी में नारियल अर्पित किया। यह नारियल नदी में जाने के बजाय पुल से गुजर रही एक कार के अगले शीशे से जा टकराया, जिससे कार का शीशा टूट गया।
नारियल लगने के बाद कार चालक ने बस को रुकवा लिया, जिसके बाद यह मामला विवाद में बदल गया। बस में सवार लगभग 30 से 35 यात्रियों को थाने लाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों से चर्चा की और पूरे मामले को समझने के बाद आपसी समझाइश से विवाद शांत कराया। इसके उपरांत बस में सवार सभी यात्रियों को रवाना कर दिया गया।
यात्री सोमेश ने बताया कि नारियल अर्पित करने की घटना में बस चालक और परिचालक की कोई गलती नहीं थी। उन्होंने आगाह किया कि यदि नारियल किसी दोपहिया वाहन चालक या खुले वाहन में सवार व्यक्ति को लग जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी, इसलिए आस्था के साथ सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। बस परिचालक अंतर सिंह बघेल ने बताया कि यात्री ने श्रद्धावश नर्मदा नदी में नारियल अर्पित किया था, लेकिन वह कार के शीशे से जा टकराया। उन्होंने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उधर, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी।

