बुलंद सोच, मानपुर।

आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर भेरुघाट में गुरुवार रात करीब 9.30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।
मानपुर से धामनोद की ओर जा रहा अनाज की बोरी से भरा एक ट्रक अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर पार कर दूसरे लेन में जा घुसा। इस दौरान ट्रक ने सामने से आ रही दो कारों को टक्कर मार दी और इसके बाद एक अन्य ट्रक से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ लोग वाहनों के बीच फंस गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही मानपुर थाना प्रभारी अरुण सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया और ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के प्रयास किए गए। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
हादसे के बाद आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित होने से वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर रात खबर लिखे जाने तक पुलिसकर्मी क्रेन के माध्यम से वाहनों में फंसे शव को निकालने का प्रयास करते रहे और जाम खुलवाने को लेकर पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

