बुलंद सोच, भोपाल।

टीटीनगर थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी में 14 वर्षीय नौवीं कक्षा के छात्र दक्ष मौर्य ने बहन से विवाद के बाद फांसी लगा ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां तीन दिनों तक उपचार के बाद गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, दक्ष मौर्य पुत्र दिनेश मौर्य अपने परिवार के साथ बंगाली कॉलोनी में रहता था।
यह विवाद रविवार को घर में उसकी बड़ी बहन से हुआ था। विवाद के बाद बहन छत पर चली गई, जबकि दक्ष अपने कमरे में चला गया।
कुछ देर बाद जब बहन वापस आई, तो उसने दक्ष को कमरे में फंदे पर लटका देखा। दक्ष चार बहनों का इकलौता भाई था और उसने अपनी मां की साड़ी से फंदा बनाया था।
उसकी चीख सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे और दक्ष को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के समय दक्ष के माता-पिता काम पर गए हुए थे।
दक्ष के पिता न्यू मार्केट में कपड़े की दुकान पर काम करते हैं, जबकि मां घरों में साफ-सफाई का कार्य करती हैं।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

