BREAKING NEWS
2026-10-17

भोपाल: फसल बीमा में 3.62 करोड़ की धोखाधड़ी, आउटसोर्स कर्मचारी पर केस दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के एमपीनगर स्थित एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड में किसानों के फसल बीमा की रकम में 3.62 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारी राजेश विश्वकर्मा पर हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के किसानों के क्लेम की रकम अपने रिश्तेदारों और परिचितों के खातों में ट्रांसफर कराने का आरोप है।

Advertisement

जांच और कार्यप्रणाली

कंपनी की आंतरिक जांच में सामने आया कि आरोपित ने एनसीआइपी पोर्टल पर किसानों के बैंक खाते बदलने के साथ कंपनी के पे-प्रो भुगतान सिस्टम में भी सेंध लगाई। किसानों के खाते में दर्ज जानकारी बदलकर बीमा क्लेम की रकम दूसरे खातों में भेजी गई। आरोपित ने किसानों के नाम से फर्जी ई-मेल आइडी बनाकर और अधिकारियों के जाली पत्र, मुहर व दस्तावेजों का इस्तेमाल कर भुगतान दूसरे खातों में कराने की साजिश रची।

विस्तृत जांच और राशि

कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक पाटिल की शिकायत के अनुसार, शुरुआती जांच में एनसीआइपी पोर्टल पर अनधिकृत लॉगिन कर 10 खातों में 45.79 लाख रुपये ट्रांसफर करने का मामला सामने आया था। आगे की जांच में यह राशि बढ़कर 77.04 लाख रुपये हो गई, जिसके लिए 13 बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। आंतरिक जांच में पे-प्रो सिस्टम से 2.85 करोड़ रुपये की अतिरिक्त हेराफेरी का भी पता चला। इस प्रक्रिया में 29 बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। शिकायत में कहा गया है कि दोनों माध्यमों से कुल 32 अलग-अलग खातों में 3.62 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। दूसरे खातों में भेजी गई बीमा क्लेम की रकम अब आरोपित के बैंक खाते खाली मिलने की बात सामने आई है।

शिकायत और कार्रवाई

कंपनी के अनुसार, छह महीने तक क्लेम की रकम नहीं मिलने पर किसानों ने शिकायत की, जिसके बाद जांच शुरू हुई। शनिवार शाम एमपीनगर पुलिस ने राजेश विश्वकर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया। कंपनी ने मामले में अन्य खातों की जांच, रकम फ्रीज करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।