BREAKING NEWS
2026-10-17

भोपाल: कोतवाली टीआई प्रभात गौड़ सहित 3 पुलिसकर्मी निलंबित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल राजधानी में जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही सामने आने के बाद कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात गौड़ को निलंबित कर दिया गया है। उनके साथ बीट प्रभारी एएसआई राकेश गुर्जर और माइक्रो बीट प्रभारी आरक्षक नरेंद्र रावत पर भी कार्रवाई की गई है। तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच करने के साथ निलंबित किया गया है।

Advertisement

यह कार्रवाई चौक बाजार क्षेत्र में जुए के अड्डे पर एसीपी कोतवाली संतोष पटेल की टीम द्वारा की गई दबिश के बाद हुई। एसीपी पटेल ने अपनी टीम के साथ गत दिवस इस अड्डे पर छापा मारा था।

दबिश के दौरान पुलिस ने दर्जनभर से अधिक जुआरियों को पकड़ा। मौके से करीब सवा दो लाख रुपए भी जब्त किए गए।

कार्रवाई के उपरांत पुलिस अधिकारियों ने जुए के अड्डे के संचालन और इसमें स्थानीय पुलिस की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच में यह सामने आया कि क्षेत्र में जुआ चलने की जानकारी होने के बावजूद उसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

आला अधिकारियों की ओर से जुआ बंद कराने के लिए पहले भी कई बार निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद थाना स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

जांच के दौरान थाना प्रभारी प्रभात गौड़ पर जुआरियों को संरक्षण देने के आरोपों की भी पड़ताल की गई। इसी आधार पर डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने थाना प्रभारी प्रभात गौड़, बीट प्रभारी एएसआई राकेश गुर्जर और माइक्रो बीट प्रभारी आरक्षक नरेंद्र रावत के खिलाफ कार्रवाई की।

जुए के मामले में भोपाल पुलिस द्वारा थाना स्तर के अधिकारियों पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पूर्व बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव को भी जुआरियों को संरक्षण देने के आरोपों के चलते निलंबित किया जा चुका है।

एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने कोतवाली थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की पुष्टि की है।

पुलिस अब जुए के इस अड्डे से जुड़े अन्य लोगों और लंबे समय से चल रही गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।