BREAKING NEWS
2026-08-07

भोपाल में रंजिश के चलते महिला ने 9 वर्षीय बच्ची पर पालतू कुत्ते उकसाए

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी भोपाल के गांधी नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक पड़ोसी महिला द्वारा नौ वर्षीय बच्ची पर जानबूझकर पालतू कुत्ते उकसाकर कटवाने का मामला सामने आया है। कुत्तों के काटने से बच्ची घायल हो गई है। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ लापरवाही से जानवर पालने और दूसरों की जान खतरे में डालने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

शिकायत और आरोप

थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, टैगोर वार्ड निवासी कृष्णकांत रावत ने शिकायत में बताया कि 3 अगस्त की शाम करीब 5 बजे उनकी नौ वर्षीय बेटी घर के बाहर साइकिल चला रही थी। उसी दौरान सामने रहने वाले पड़ोसी रामू की पत्नी संजना अपने दो पालतू कुत्तों के साथ बाहर खड़ी थी। दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश के कारण आपसी बातचीत बंद थी। कृष्णकांत का आरोप है कि जैसे ही बच्ची साइकिल से कुत्तों के पास से गुजरी, संजना ने पुरानी रंजिश भुनाने के लिए कुत्तों को “छू-छू” करके बच्ची की तरफ उकसा दिया। उकसाते ही दोनों कुत्ते अचानक मासूम बच्ची पर झपट पड़े और उसके पैरों में कई जगह काट लिया।

बच्ची का बचाव और उपचार

बच्ची की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद पिता ने तुरंत दौड़कर डंडे से भगाकर बच्ची को कुत्तों के हमले से बचाया। हादसे के बाद परिजन लहूलुहान हालत में बच्ची को इलाज के लिए केयरवेल अस्पताल ले गए, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने गांधी नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी महिला संजना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।