बुलंद सोच, भोपाल।

मध्यप्रदेश में अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने रविवार से राजधानी के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यह प्रदर्शन शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर किया जा रहा है।
शिक्षक संगठनों की प्रमुख मांगों में टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, प्रथम नियुक्ति की तारीख से सेवा अवधि और वरिष्ठता की गणना करने की मांग है, जिससे ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण और पेंशन सहित सेवानिवृत्ति का लाभ मिल सके। ई-अटेंडेंस व्यवस्था समाप्त करना भी उनकी मुख्य मांगों में से एक है।
मोर्चे ने भोपाल में धरने को चरणबद्ध तरीके से आयोजित करने की रूपरेखा बनाई है, जिसमें रविवार से अलग-अलग संभागों के शिक्षक शामिल होंगे। दो अक्टूबर को एक विशेष उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, और तीन अक्टूबर तक विभिन्न संभागों की भागीदारी का कार्यक्रम निर्धारित है।
संगठन ने मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कर तीनों मांगों पर सीधी चर्चा करने की मांग की है। मोर्चे का कहना है कि सरकार से समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

