BREAKING NEWS
2026-10-17

बुरहानपुर में उत्तर प्रदेश का युवक तीन पिस्टल व दो मैगजीन के साथ गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बुरहानपुर।

खकनार थाना पुलिस ने बुरहानपुर में उत्तर प्रदेश के एक युवक को तीन पिस्टल और दो मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सामली जिले के कैराना थाना क्षेत्र के आलम खुर्द निवासी मोहम्मद अं (22) के रूप में की गई है। पुलिस ने इन हथियारों का बाजार मूल्य 74 हजार रुपये आंका है। बताया गया है कि तस्करी कर ले जाई जा रही ये देसी पिस्टल क्षेत्र के पाचोरी गांव में बनाई गई थीं। आरोपी ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक सिकलीगर से संपर्क किया था और डील होने के बाद वह इनकी डिलीवरी लेने जा रहा था।

Advertisement

पुलिस कार्रवाई

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, एसपी आशुतोष बागरी के निर्देश पर एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने जामनिया गांव के नाले के पास दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके बैग की जांच करने पर पिस्टल बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस उससे यह भी पूछताछ कर रही है कि वह इससे पहले कितनी बार अवैध हथियारों की खेप ले जा चुका है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक जाधव, एएसआई तारक अली, प्रधान आरक्षक सतीश सूर्यवंशी, संदीप सोलंकी, आरक्षक राकेश डावर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

निमाड़ क्षेत्र में अवैध हथियार तस्करी

उल्लेखनीय है कि निमाड़ क्षेत्र अवैध हथियारों के लिए कुख्यात है, जहां सिकलीगर लोग निवास करते हैं। इनमें से अधिकतर अवैध हथियार बनाना जानते हैं। इसके चलते आपराधिक प्रवृत्ति के शातिर लोग अक्सर यहां अवैध हथियार लेने आते रहते हैं। पुलिस इन पर कई बार कार्रवाई करती है, लेकिन ये लोग चोरी-छिपे हथियार बनाते और बेचते रहते हैं। अवैध हथियार बनाना और बेचना ही इन लोगों का मुख्य कार्य है। निमाड़ क्षेत्र के खरगोन-बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर के ग्रामीण इलाकों में सिकलीगरों का प्रमुख निवास स्थान है।