बुलंद सोच, भोपाल।

कांग्रेस के प्रकोष्ठों और विभागों को पांच अगस्त को भंग करने के बाद, अब इसी सप्ताह पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी (पीसीसी) को भी भंग किया जाएगा। इसमें उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। एक से दो माह के भीतर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिसके बाद प्रकोष्ठों और विभागों का पुनर्गठन होगा। इस प्रक्रिया में कार्यकर्ताओं की राय भी ली जाएगी। प्रमुख पदाधिकारियों के चयन के लिए तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा, जिसमें से एक नाम को केंद्रीय नेतृत्व द्वारा हरी झंडी दी जाएगी। यह सभी निर्णय मंगलवार को पीसीसी में कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में लिए गए।
युवा संवाद और 'जेन-जी' पर मंथन
पांच घंटे तक चली बैठक में लगभग ढाई घंटे की चर्चा ‘जेन-जी’ यानी युवाओं पर केंद्रित रही। निर्णय लिया गया कि जबलपुर या इंदौर में युवाओं से संवाद स्थापित करने के लिए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी आमंत्रित करने की तैयारी है। इसके अतिरिक्त, युवाओं के जिलेवार सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक में समिति के कुछ सदस्यों ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि नाम तो लिए जाते हैं, लेकिन चयन के समय कोई और चेहरा सामने आ जाता है, ऐसा नहीं होना चाहिए।
अनुशासन और इंटरनेट मीडिया
बैठक में यह भी तय किया गया कि अनुशासन तोड़ने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इंटरनेट मीडिया पर विवादित पोस्ट डालने वालों को चिह्नित किया जाएगा।
अनुसूचित जाति विभाग और प्रशिक्षण शिविर
सहमति बनी कि अन्य विभागों की तरह अनुसूचित जाति (एससी) विभाग की भी कमेटी का गठन किया जाएगा। संभागीय स्तर पर चल रहे प्रशिक्षण शिविरों में रीवा में राहुल गांधी को बुलाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में प्रमुख नेताओं की अनुपस्थिति
कांग्रेस नेता कमल नाथ स्वास्थ्य कारणों से बैठक में शामिल नहीं हो पाए। पूर्व सांसद नकुल नाथ विमान में खराबी के चलते छिंदवाड़ा से नहीं पहुंच सके; उनके विमान का इंजन फेल हो गया था और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी उसमें सवार थे। दिग्विजय सिंह केरलम से वर्चुअली बैठक में सम्मिलित हुए, जबकि अरुण यादव व्यक्तिगत कारणों से अनुपस्थित रहे।
नगरीय निकाय चुनाव की रणनीति
बैठक में अगले वर्ष होने वाले नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर लंबी चर्चा हुई। तय किया गया कि जिलाध्यक्ष अभी से एससी, एसटी, ओबीसी और अनारक्षित श्रेणी के तीन-तीन संभावित उम्मीदवारों के नाम चिह्नित कर लें, ताकि आरक्षण निर्धारित होने के बाद प्रत्याशी चयन में जल्दबाजी न हो। दतिया उपचुनाव की तर्ज पर नगरीय निकाय चुनावों में क्लस्टर और बूथ प्रबंधन का मॉडल अपनाया जाएगा।
जनआंदोलनों की रूपरेखा
पार्टी ने जनआंदोलन के लिए विभिन्न मुद्दे निर्धारित किए हैं। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विरुद्ध पार्टी एक बड़ा प्रदर्शन करेगी। आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में राम मंदिर में कथित चंदा घोटाला, केन-बेतवा लिंक परियोजना में विस्थापित परिवारों की समस्याएं, किसानों को खाद-बीज की कम उपलब्धता, भाजपा सरकार के समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित रूप से दर्ज किए गए 62 लाख पुलिस प्रकरण, छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाने की मांग और युवाओं की समस्याएं शामिल हैं। इन मुद्दों पर अलग-अलग तरह से आंदोलन की रणनीति बनाई गई है।
'जेल भरो' आंदोलन और कानूनी कार्रवाई
बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि भाजपा सरकार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर 62 लाख मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में लगभग एक लाख मामले सरकार के दबाव में दर्ज किए गए हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर लड़ाई लड़ेगी और ‘जेल भरो’ आंदोलन करेगी। पटवारी ने यह भी कहा कि कांग्रेस प्रदेश में जनता का विकल्प बनना चाहती है। उन्होंने घोषणा की कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने के खिलाफ पार्टी विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा के विरुद्ध कोर्ट में केस दायर करेगी।
प्रमुख नेताओं के विचार
प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने संगठन सृजन अभियान की समीक्षा की और प्रकोष्ठों के पुनर्गठन में साफ छवि वाले नामों को तय करने पर जोर दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया उपचुनाव प्रदेश में बदलाव के संकेत हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह है और इसका लाभ आगामी नगरीय निकाय चुनाव में मिलेगा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि पार्टी केन-बेतवा परियोजना में विस्थापित परिवारों के लिए लड़ेगी। राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने युवा आंदोलन चलाने और सोनम वांगचुक को शामिल करने का सुझाव दिया। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बौरासी ने जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में कांतिलाल भूरिया, कमलेश्वर पटेल, सज्जन सिंह वर्मा, संगठन प्रभारी संजय कामले और एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।

