बुलंद सोच, डिंडौरी।
_m.webp)
डिंडौरी जिले के जनपद अमरपुर अंतर्गत ग्राम जल्दा मुड़िया के ग्रामीणों ने शनिवार सुबह डिंडौरी-मंडला मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों द्वारा यह प्रदर्शन सड़क निर्माण की मांग को लेकर किया गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली और यातायात पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम जल्दा मुड़िया के ग्रामीण पिछले कई महीनों से डिंडौरी-मंडला मुख्य मार्ग से गांव होते हुए इमलई-धनवासी तक लगभग 7 किलोमीटर कच्चे रास्ते के डामरीकरण की मांग कर रहे हैं।
मांगों पर ध्यान न दिए जाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शनिवार सुबह करीब 6 बजे मुख्य मार्ग पर आकर चक्का जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए वे कई बार आवेदन दे चुके हैं।
डिंडौरी-मंडला मुख्य मार्ग से कोटवार टोला जल्दा मुड़िया में पक्की सड़क न होने के कारण बरसात के दिनों में बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
सोसायटी भवन, ग्राम पंचायत भवन, प्राथमिक स्कूल और माध्यमिक स्कूल तक बरसात के समय आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ती है।
सोसायटी से राशन भी समय पर नहीं मिल पाता है, और विद्यार्थी व शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पक्की सड़क के अभाव में उन्हें हर समय परेशानियों का सामना करना पड़ता है, और गर्भवती महिलाओं को प्रसव के समय सही समय पर अस्पताल ले जाने के लिए साधन भी नहीं मिल पाता है।
चक्का जाम के दौरान मार्ग के दोनों तरफ छोटे-बड़े वाहनों के पहिए थम गए हैं।

