बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में तिघरा जलाशय और गोल पहाड़िया के पास स्थित मेहराब साहब की तलैया में डूबे दो युवकों के शव शनिवार को बरामद कर लिए गए। इन दोनों घटनाओं में एसडीआरएफ, जिला प्रशासन और पुलिस की टीमों ने लगातार सर्च अभियान चलाया। शवों को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया।
तिघरा जलाशय में सात अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे नहाते समय हाफिज शरद खान पानी में डूब गया था। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। टीम ने रात करीब आठ बजे तक जलाशय में सर्चिंग की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे दोबारा सर्च अभियान शुरू किया गया और लगातार लगभग चार घंटे की तलाश के बाद सुबह 10:30 बजे शरद का शव बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के उपरांत शव स्वजन को सौंप दिया गया। युवक का शव 19 घंटे बाद मिला।
दूसरी घटना में गोल पहाड़िया के समीप स्थित मेहराब साहब की तलैया में 6 अगस्त को नहाते समय 24 वर्षीय पंकज सूर्यवंशी डूब गया था। घटना की सूचना के बाद जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू कराया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे बचाव दल को पंकज का शव तलैया से मिल गया। पोस्टमार्टम के बाद शव उनके पिता रामअवतार को सौंप दिया गया। पंकज का शव तीन दिन बाद बरामद हुआ।
जिला प्रशासन ने दोनों मामलों में मृतकों के वारिसों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी छह-चार) के प्रविधानों के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही, जिला प्रशासन ने नागरिकों से जलाशयों और अन्य जलस्रोतों में नहाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

