BREAKING NEWS
2026-08-10

शिक्षक ने होमवर्क न करने पर 10वीं के छात्र को पीटा, पीठ पर चोटें

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बड़नगर।

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में एक शिक्षक पर कक्षा 10वीं के छात्र को होमवर्क समय पर पूरा नहीं करने पर पीटने का आरोप लगा है। डंडे और डस्टर से पीटने के कारण छात्र की पीठ और सिर पर चोटें आई हैं। छात्र की पीठ पर लाल निशान और चोट के घाव हो गए हैं।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय छात्र नरेंद्र परमार बंदरवेला गांव के योगा एकेडमी स्कूल में पढ़ता है। शिक्षक भूपेंद्र सिंह राठौर पर छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप है। छात्र ने बताया कि वह चिल्लाता रहा, लेकिन शिक्षक ने उसे पीटना नहीं छोड़ा। छात्र अब दर्द से कराह रहा है।

छात्र के परिजनों ने बताया कि 6 अगस्त को स्कूल में शिक्षक ने होमवर्क से जुड़े 10 सवाल पूछे थे। छात्र इनमें से 4 सवालों के जवाब नहीं दे पाया था। इन चार सवालों के जवाब नहीं देने और होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षक भूपेंद्र सिंह राठौर ने उसे पीटना शुरू कर दिया।

घटना के बाद, 7 अगस्त को छात्र के परिजन उसे लेकर भाटपचलाना थाने पहुंचे। उन्होंने शिक्षक भूपेंद्र सिंह राठौर के खिलाफ आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक की मारपीट से छात्र की पीठ पर चोट के निशान आए हैं।

पुलिस में शिकायत देने के कुछ समय बाद, छात्र के परिवार और स्कूल प्रबंधन के बीच आपसी समझौता हो गया। हालांकि, यह मामला यहीं समाप्त नहीं हुआ और घटना की शिकायत शिक्षा विभाग तक भी पहुंच गई। इसके बाद, बड़नगर के शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराई।

इस मामले में बड़नगर के बीईओ राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि एक जांच समिति गठित की गई है। इस समिति में 2 शिक्षक शामिल हैं। समिति मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट शिक्षा विभाग को सौंपेगी। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

भोपाल में भी एक अन्य घटना में एक शिक्षक ने कक्षा 6वीं की छात्रा की बेरहमी से पिटाई की। इस मारपीट से छात्रा के प्राइवेट पार्ट में भी चोटें आई हैं। मारपीट से डरी हुई छात्रा ने स्कूल जाने से मना कर दिया। जब परिजनों ने वजह पूछी, तो वह रोने लगी और कहा कि अब उसे स्कूल नहीं जाना है।