BREAKING NEWS
2026-08-10

इंदौर में डीलरशिप के नाम पर एक करोड़ की ठगी, मेडिकेयर और इन्फोटेक हेल्थ केयर के निदेशकों पर केस

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में डीलरशिप और डिस्ट्रीब्यूटरशिप का झांसा देकर कारोबारियों से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। अपराध शाखा में मेडिकेयर कंपनियों के दो निदेशकों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का केस दर्ज किया गया है।

Advertisement

एडिशनल पुलिस उपायुक्त (क्राइम) राजेश दंडोतिया के अनुसार, मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड के आदित्य गुप्ता और इन्फोटेक हेल्थ केयर के मनोहर लाल गुप्ता के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी।

फरियादी कमलेश अग्रवाल के मुताबिक, आरोपितों ने उन्हें गुजरात की डिस्ट्रीब्यूटरशिप का प्रलोभन दिया था और दोनों कंपनियों के निदेशकों ने उनसे एक करोड़ रुपये ले लिए।

आरोपितों ने कमलेश अग्रवाल के साथ मार्जिन देने का अनुबंध भी किया था।

ठगी का तरीका और घटनाक्रम

कमलेश अग्रवाल के अनुसार, उनका बालाजी मेडिकोज के नाम से दवा का कारोबार है। उनकी मुलाकात आरोपितों से मार्केटिंग मैनेजर जिग्नेश भाई के माध्यम से हुई थी।

यह डील साल 2021 में नवलखा स्थित गणेश चेंबर में हुई थी। इसमें दोनों कंपनियों से प्रतिमाह तीन लाख रुपये मार्जिन देने की बात तय हुई थी।

आरोपितों ने एक साल तक मार्जिन के रुपये दिए, लेकिन बाद में हाथ खींच लिए।

जब व्यापारी ने अपने रुपये का तकादा किया, तो उसके साथ अभद्रता की गई। जानकारी मिली है कि आरोपितों ने अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की है।