BREAKING NEWS
2026-10-17

इंदौर के हर्ष क्लीनिक में बच्ची की मौत, स्वजनों का हंगामा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के खातीवाला टैंक स्थित हर्ष क्लीनिक में इलाज के दौरान एक दस वर्षीय बच्ची की मौत के बाद रविवार देर रात विवाद और हंगामा हो गया। आक्रोशित स्वजन सहित अन्य बड़ी संख्या में लोग जूनी इंदौर थाने पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Advertisement

बच्ची की पहचान और इलाज

बच्ची की पहचान गणेश नगर, खंडवा नाका निवासी दिव्यांशी पुत्री मनोज सोलंकी के रूप में हुई है। स्वजनों के अनुसार, बच्ची को पेट दर्द की शिकायत थी और लगभग पंद्रह दिनों से उसका इलाज हर्ष क्लीनिक में डॉ. श्रीचंद बागैचा से कराया जा रहा था। रविवार दोपहर उसे दोबारा क्लीनिक लाया गया, जहां इंजेक्शन लगाने और बोतल चढ़ाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ घंटे बाद बच्ची की मृत्यु हो गई।

रेफर नहीं करने पर सवाल

स्वजनों ने बच्ची को अन्य अस्पताल में रेफर नहीं करने पर सवाल उठाए। बच्ची के पिता और डॉक्टर के बीच फोन पर हुई कथित बातचीत का एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें क्लीनिक में आईसीयू सुविधा नहीं होने की बात कही जा रही है। स्वजनों का कहना है कि यदि उन्हें गंभीर स्थिति की जानकारी मिलती तो वे बच्ची को तत्काल किसी अन्य अस्पताल में भर्ती कराते।

पुलिस कार्रवाई और जांच

इस मामले में स्वजनों ने जूनी इंदौर पुलिस को एक शिकायती आवेदन दिया है। जूनी इंदौर थाना प्रभारी ने बताया कि स्वजनों ने खातीवाला टैंक स्थित हर्ष क्लीनिक में उपचार में लापरवाही को लेकर आवेदन दिया है। इस आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।

क्लीनिक का इतिहास और सुविधाएं

गौरतलब है कि हर्ष क्लीनिक में चौदह बेड की सुविधा उपलब्ध है और इसका लाइसेंस डॉ. ज्ञान एस. पंजवानी के नाम पर है। वर्ष 2025 में भी यहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत के मामले में पुलिस प्रकरण दर्ज कर चुकी है। इस नए मामले के बाद क्लीनिक में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और इलाज की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

डॉक्टर का बयान

मामले में डॉ. ज्ञान पंजवानी का कहना है कि वे इस मामले में कल बात करेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और वे गोली का डोज लेकर लेटे हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अभी वे कुछ भी नहीं बोल सकते।