बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर शहर के सबसे बड़े डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण का लंबे समय से जारी इंतजार बुधवार को समाप्त हो जाएगा। इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) इसकी एक भुजा को ट्रायल के तौर पर खोलेगा।
उज्जैन रोड से वाहन फ्लाईओवर का उपयोग कर सीधे मरीमाता की तरफ उतर सकेंगे। इससे वाहनों को चौराहे पर रुकने की आवश्यकता नहीं होगी।
इस एक भुजा के शुरू होने से रोजाना हजारों वाहन चालकों का समय बचेगा और लंबे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। वहीं, नीचे यातायात का भार भी कम होगा।
वाहनों के ऊपर से निकलने के कारण फ्लाईओवर के नीचे जारी सर्विस रोड निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा हो सकेगा।
आइडीए सीईओ का बयान
आइडीए सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े ने बताया कि लवकुश चौराहा स्थित फ्लाईओवर की एक भुजा से बुधवार को दोपहर बाद से आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आवागमन ट्रायल के तौर पर शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि ट्रायल के तौर पर आवागमन शुरू होने से नीचे सर्विस रोड का निर्माण भी तेजी से किया जा सकेगा।
मेट्रो अधिकारियों से चर्चा
डबल डेकर फ्लाईओवर के नीचे से मेट्रो का ट्रैक गुजरता है, जिसके कारण फ्लाईओवर की एक भुजा शुरू करने के लिए मेट्रो की अनुमति आवश्यक थी।
मंगलवार को आइडीए के अधिकारियों और मेट्रो के अधिकारियों के बीच एक बैठक हुई। इस बैठक में एक भुजा के ट्रायल के तौर पर शुरू करने की जानकारी दी गई और अनुमति की प्रक्रिया पूरी की गई।
दूसरी भुजा का कार्य
लवकुश चौराहा पर बाणगंगा से अरविंदो अस्पताल की तरफ जाने वाली दूसरी भुजा का कार्य अभी जारी है।
इस भुजा का निर्माण कार्य 31 अगस्त तक पूरा कर यातायात शुरू कर दिया जाएगा। इसमें ब्रिज स्टिंग और एक स्पान पर स्लैब डालने का कार्य तथा एप्रोच के काम होने हैं।
पहली भुजा पर ब्रिज स्टिंग और सेगमेंट का लोड टेस्ट हो चुका है, इसलिए दूसरी भुजा पर लोड टेस्ट की आवश्यकता नहीं होगी।
