BREAKING NEWS
2026-08-10

इंदौर रेलवे स्टेशन पर पार्किंग समस्या और प्लेटफार्म की जानकारी का अभाव

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

शहर में रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन मैदानी स्थिति भिन्न नजर आती है। प्लेटफार्म एक परिसर में प्रवेश करते ही यात्री यातायात संबंधी समस्याओं से जूझते दिखाई दिए। प्रवेश और निकास दोनों तरफ अवैध रूप से ऑटो खड़े रहते हैं, जिसके कारण स्टेशन में परिजनों को निजी वाहनों से छोड़ने आने वाले चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। इंदौर रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य के चलते प्लेटफार्म एक के बाहरी परिसर में वाहनों के पार्किंग क्षेत्र को शेड लगाकर बंद कर दिया गया है। इसके कारण वाहनों की पार्किंग की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। परिजनों को ट्रेन में बिठाने के लिए आने वाले वाहन चालकों को परिसर में प्रवेश करते ही यातायात बाधित होने की समस्या का सामना करना पड़ता है। निकासी के समय भी अवैध रूप से खड़े ऑटो वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने रहते हैं। जीआरपी पुलिस दोपहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई करती है, लेकिन चारपहिया व ऑटो चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं करती है।

सुरक्षा व्यवस्था और प्लेटफार्म जानकारी का अभाव

सुरक्षा के लिहाज से यात्रियों के सामान की जांच करने वाली मशीन लंबे समय से बंद पड़ी हुई है। इस गंभीर लापरवाही के कारण किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। 15 अगस्त नजदीक होने के कारण स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। कई यात्रियों को प्लेटफार्म संख्या पांच व छह की जानकारी न होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिन यात्रियों को ट्रेन पांच व छह नंबर प्लेटफार्म से पकड़नी होती है, वे जानकारी के अभाव में प्लेटफार्म चार पर पहुंच जाते हैं। जब उन्हें पता चलता है कि प्लेटफार्म पांच व छह दूर हैं, तो ट्रेन छूटने के डर से वे दौड़ते-भागते नजर आते हैं। इसका लाभ उठाकर ऑटो चालक व ई-रिक्शा चालक मनमर्जी से किराया वसूलते हैं।

Advertisement

अन्य सुविधाएं और अधिकारियों की प्रतिक्रिया

जनसंपर्क अधिकारी के कार्यालय के बाहर यात्री बैठे और आराम करते हुए देखे गए। उधर, वातानुकूलित प्रतीक्षा कक्ष, शयनयान श्रेणी, एस्केलेटर, साफ-सफाई, बैठने और पीने के पानी की व्यवस्था उचित पाई गई। रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इंदौर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं से संबंधित सभी प्रकार के मद सुचारू रूप से कार्यशील हैं। उन्होंने आगे कहा कि साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाओं का नियमित रूप से रखरखाव किया जा रहा है और यदि कोई कमी है, तो तुरंत कार्रवाई कर सुधार किया जाएगा। जीआरपी की टीआई रश्मि पाटीदार ने बताया कि स्टेशन परिसर में शेड लगाए जाने से पार्किंग की समस्या हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधाओं के लिए ऑटो खड़े रहते हैं और चार पहिया वाहनों को परिसर में दो मिनट से अधिक खड़े करने की अनुमति नहीं है।