बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के रंगवासा में बच्चों को स्कूल लेने पहुंची एक निजी स्कूल वैन की चपेट में आने से तीन साल के मासूम की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब आठ बजे की है।
मृतक बच्चे की पहचान तीन वर्षीय जीत पुत्र विनोद ठाकुर के रूप में हुई है, जो अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान निजी स्कूल की वैन उसके बड़े पापा के बेटे को लेने पहुंची थी।
परिजनों का आरोप है कि वैन चालक जल्दबाजी में था और उसने वाहन मोड़ते समय बच्चे पर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण जीत वैन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद चालक वैन रोकने के बजाय आगे निकल गया।
जीत गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे परिजन तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया, लेकिन उपचार के दौरान दोपहर में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने वैन जब्त कर ली है, जबकि चालक हादसे के बाद से फरार है। जीत के पिता विनोद, जो मजदूरी करते हैं, ने आरोप लगाया कि चालक ने वाहन चलाते समय बच्चे की तरफ देखा तक नहीं।
परिजनों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में पहले भी वाहन चालकों की लापरवाही से हादसे हो चुके हैं। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
अन्य घटनाएं
एरोड्रम थाना अंतर्गत 60 फीट रोड पर एक अन्य हिट एंड रन की घटना हुई, जिसमें एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटर सवार मां-बेटी को टक्कर मार दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रहवासियों ने बताया कि महिला बच्ची को लेकर जा रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार कार ने स्कूटर को टक्कर मारी। कार चालक मौके पर रुका नहीं। लोगों ने घायल महिला को संभाला और तुरंत अस्पताल भिजवाया।
घायल महिला की पहचान कान्यकुंज नगर निवासी श्वेता के रूप में हुई है।
कोरबा में एक तालाब में नहाने गईं तीन सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। घंटों की मशक्कत के बाद उनके शव बरामद किए गए।

