BREAKING NEWS

जबलपुर में कांवड़ यात्रा के बावजूद रादुवि की परीक्षाएं यथावत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर शहर में 10 अगस्त को विभिन्न मार्गों से कांवड़ यात्राएं निकलेंगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने के कारण संबंधित मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

Advertisement

इसे देखते हुए रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के लिए सूचना जारी की है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्राओं के कारण वर्तमान परीक्षाओं के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनील दुबे ने बताया कि 10 अगस्त को जबलपुर नगर में भी कई मार्गों से कांवड़ यात्राएं निकलेंगी। ऐसे में विद्यार्थियों को यातायात की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त समय पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय के क्षेत्रांतर्गत विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग तिथियों में भी कांवड़ यात्राएं प्रस्तावित हैं।

बीएससी प्रथम वर्ष की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक, जबकि बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित हो रही है।

बीएससी प्रथम वर्ष माइनर-1 परीक्षा (10 अगस्त)

10 अगस्त को बीएससी प्रथम वर्ष की माइनर-1 परीक्षा में कंप्यूटर एप्लीकेशन का पायथन प्रोग्रामिंग, भौतिकी का यांत्रिकी एवं पदार्थ के मूल सिद्धांत, कंप्यूटर साइंस का कंप्यूटर ऑर्गनाइजेशन, जूलॉजी का जैव रसायन के मूल सिद्धांत, गणित का बेसिक कैलकुलस एवं वेक्टर कैलकुलस, जियोलॉजी का भू-विज्ञान के तत्व, बायोटेक्नोलॉजी का बायोइंस्ट्रूमेंटेशन, बॉटनी का प्रारंभिक वनस्पति विज्ञान, रसायन शास्त्र का मूलभूत कार्बनिक रसायन और माइक्रोबायोलॉजी का माइक्रोबायोलॉजी का परिचय विषय शामिल हैं।

बीए प्रथम वर्ष माइनर-1 परीक्षा (10 अगस्त)

कला संकाय में माइनर-1 के तहत कंप्यूटर एप्लीकेशन में पायथन प्रोग्रामिंग, ड्राइंग एवं पेंटिंग में भारतीय टेराकोटा कला, अंग्रेजी साहित्य में विश्व साहित्य, हिंदी साहित्य में कार्यालयीन हिंदी एवं भाषा कंप्यूटिंग, इतिहास में भारतीय सामाजिक संस्थाएं, गृह विज्ञान में खाद्य एवं पोषण का परिचय, राजनीति विज्ञान में भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, मनोविज्ञान में मनोविज्ञान का परिचय, संस्कृत साहित्य में महाकाव्य एवं नाटक, उर्दू साहित्य में स्वानेश निगारी, अर्थशास्त्र में भारतीय कृषि का परिचय, भूगोल में भौतिक भूगोल का परिचय, समाजशास्त्र में समाजशास्त्र का परिचय और संगीत में ताल वाद्य एवं संगीत के सामान्य सिद्धांत विषय की परीक्षा होगी।