बुलंद सोच, जबलपुर।

रक्षाबंधन पर्व से पहले शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बहनों ने अपने भाइयों के लिए खास राखियों की खरीदारी शुरू कर दी है। इस बार बाजार में रुद्राक्ष, वुडन, स्टोन, पर्ल और अमेरिकन डायमंड वाली राखियों की भरमार है। इसके अतिरिक्त, भाई को बुरी नजर से बचाने के लिए ईविल आइज वाली राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। दुकानदारों के अनुसार, इस बार रक्षाबंधन की खरीदारी पहले ही शुरू हो गई है। ईविल आइज राखी का एक विशेष चलन देखने को मिल रहा है, जिसमें डार्क और लाइट ब्लू धागों का आकर्षक संयोजन युवाओं को काफी भा रहा है।
धार्मिक और पारंपरिक राखियों की मांग
शिव भक्त भाइयों के लिए रुद्राक्ष माला वाली राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इनमें महादेव लिखी डिजाइन के साथ डमरू और त्रिशूल का उपयोग किया गया है। मोरपंख और अन्य धार्मिक प्रतीकों वाली राखियां भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिन्हें बहनें अपने भाई की आस्था के अनुसार चुन रही हैं। बहनें ऐसी राखियां भी पसंद कर रही हैं जिनमें भगवान शिव, श्रीकृष्ण, गणेशजी, मोरपंख और अन्य धार्मिक प्रतीक बने हों। लाल धागे में श्रीकृष्ण वाली राखी और राधा-कृष्ण डिजाइन वाली राखियां भी काफी लोकप्रिय हैं। रबड़ और सिल्वर डिजाइन वाली राखियां भी बाजार में आकर्षण का केंद्र हैं, जिन पर ओम और श्री जैसे धार्मिक शब्द अंकित हैं।
कस्टमाइज्ड और कॉम्बो राखियां
कस्टमाइज्ड राखियों का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिनमें रेजिन आर्ट के जरिए भाई की तस्वीर, भाई-बहन की साथ में फोटो, नाम या निकनेम राखी पर लिखवाया जा रहा है। कई बहनों ने बताया कि वे इस बार कुछ अनूठी और पर्सनलाइज्ड राखी देना चाहती हैं, ताकि वह यादगार बन सके। इस बार भाई-भाभी के लिए कॉम्बो राखियों की भी अच्छी मांग है। एक जैसी डिजाइन और रंगों में तैयार ये कॉम्बो राखियां पोस्ट करने के लिए भी सुविधाजनक हैं। इनके साथ छोटी पैकिंग में कुमकुम और चावल भी दिए जा रहे हैं।
बच्चों की राखियां और विशेष थालियां
बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। रक्षाबंधन के लिए विशेष थालियां भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिनमें कुमकुम और चावल रखने की अलग व्यवस्था की गई है।

