BREAKING NEWS
2026-08-10

लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) नरेंद्र कोटवाल एम्स भोपाल के नए कार्यकारी निदेशक नियुक्त

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल को नया कार्यकारी निदेशक मिल गया है। केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) नरेंद्र कोटवाल की एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी है।
केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कोटवाल की नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी। वे 70 वर्ष की आयु पूरी होने या केंद्र सरकार के अगले आदेश, जो भी पहले हो, तक पद पर रहेंगे।
नरेंद्र कोटवाल की नियुक्ति लेवल-15 के वेतन मैट्रिक्स में अनुबंध के आधार पर एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक के रूप में की गई है। इससे पहले, दरभंगा एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. माधवानंद के पास एम्स भोपाल का अतिरिक्त प्रभार था।

लेफ्टिनेंट जनरल कोटवाल का अनुभव

लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) नरेंद्र कोटवाल चिकित्सा क्षेत्र और सैन्य चिकित्सा प्रशासन में लंबा अनुभव रखते हैं। वे पुणे स्थित आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल कॉलेज (एएफएमसी) के निदेशक एवं कमांडेंट रह चुके हैं। वर्तमान में वे पंचकूला स्थित पारस हेल्थ में एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

Advertisement

एम्स विजयपुर (सांबा) में भी नियुक्ति

केंद्र सरकार ने इसी आदेश में एम्स विजयपुर (सांबा), जम्मू के कार्यकारी निदेशक पद पर एम्स नई दिल्ली के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव सिन्हा की प्रतिनियुक्ति के आधार पर नियुक्ति को भी मंजूरी दी है।