बुलंद सोच, भोपाल।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक शातिर जालसाज ने खुद को फिजियोथेरेपिस्ट बताकर एक 64 वर्षीय बुजुर्ग से चार लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। आरोपी ने बिना ऑपरेशन घुटने का दर्द ठीक करने का झांसा दिया था। यह मामला एमपी नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, सनसिटी निवासी 64 वर्षीय दीपरत्न सक्सेना बिट्टन मार्केट स्थित सब्जी मंडी गए थे, तभी ठगों के गिरोह की उन पर नजर पड़ी। घुटने के दर्द से परेशान दीपरत्न से एक अज्ञात युवक ने हमदर्दी जताते हुए बातचीत शुरू की। युवक ने बताया कि उसके पिता भी इसी तरह के दर्द से पीड़ित थे और एक विशेषज्ञ डॉक्टर के इलाज से पूरी तरह ठीक हो गए। इसके बाद युवक ने उन्हें कथित फिजियोथेरेपिस्ट आशीष आचार्य का मोबाइल नंबर दिया। झांसे में आकर बुजुर्ग ने आशीष आचार्य से संपर्क किया।
दो दिन बाद, आरोपी आशीष आचार्य बुजुर्ग के घर पहुंचा और दावा किया कि वह बिना किसी बड़े ऑपरेशन के घुटने का दर्द हमेशा के लिए ठीक कर देगा। आरोपी ने बुजुर्ग के घुटने में ब्लेड से एक छोटा-सा चीरा लगाया। इसके बाद एक उपकरण की मदद से थोड़ा तरल पदार्थ बाहर निकाला और उसे शरीर का जहरीला तत्व बताकर बुजुर्ग को डरा दिया। जालसाज ने दावा किया कि इस प्रक्रिया को बार-बार करने से बीमारी जड़ से खत्म हो जाएगी।
ठग ने इस कथित इलाज के बदले दस लाख रुपये की मांग की। बुजुर्ग की पत्नी ने उसके झांसे में आकर चार लाख रुपये नकद और छह लाख रुपये का चेक दे दिया। हालांकि, रकम देने के बाद परिजनों को आरोपी की हरकतों पर शक हुआ। उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क कर छह लाख रुपये के चेक का भुगतान रुकवा दिया, जिससे परिवार की यह रकम बच गई।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के तार गुजरात के अहमदाबाद से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, गिरोह इसी तरह के तरीके से कई बुजुर्गों को अपना शिकार बना चुका है। मामले की जांच जारी है।

