बुलंद सोच, शहडोल।

सोशल मीडिया पर रिश्वत मांगने का एक ऑडियो वायरल होने के बाद शहडोल पुलिस में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने पपौंध थाने में पदस्थ आरक्षक सुरेश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्हें पुलिस लाइन में हाजिर होने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
हाल ही में आरक्षक सुरेश सिंह का एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें वह एक मामले के पीड़ित पक्ष से कथित तौर पर 5 हजार रुपये की मांग करते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो में आरक्षक पीड़ित से यह भी कह रहे हैं कि रुपये देने पर काम हो जाएगा और यदि काम नहीं हुआ तो रुपये वापस कर दिए जाएंगे।
हालांकि, वायरल ऑडियो की सत्यता और बातचीत की परिस्थितियों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, विभागीय स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी के निर्देश
ऑडियो सामने आने के बाद एसपी संजय कुमार अग्रवाल ने तुरंत संज्ञान लिया और निलंबन की कार्रवाई की।
उन्होंने जिले के सभी थाना और चौकियों में पदस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आम जनता से अच्छा व्यवहार करें।
एसपी संजय कुमार अग्रवाल ने यह भी कहा कि पुलिस जनता की सहायता और सुरक्षा के लिए है। यदि किसी पुलिसकर्मी द्वारा आम लोगों के साथ गलत व्यवहार किया जाता है या अनियमितता की शिकायत आती है, तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

