BREAKING NEWS
2026-10-17

मध्य प्रदेश सरकार 2027 में सेना दिवस के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करेगी, शौर्य स्मारक में लगेगा ‘संकल्प वृक्ष’

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास (समत्व भवन) में ले. जनरल अरविंद चौहान और मेजर जनरल विकास लाल सहित वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भेंट की। सैन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को 15 जनवरी 2027 को होने वाले सेना दिवस के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर उन्हें “आर्मी डे परेड- 2027 आपकी सेना आपके पास” की अवधारणा से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री को बताया गया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के इस आयोजन में आने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, अन्य विशिष्ट अतिथि भी भोपाल में होने वाले सेना दिवस कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस भेंट के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई उपस्थित थे। मुख्यमंत्री को सेना दिवस के प्रस्तावित कार्यक्रमों, विविध गतिविधियों और तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी गई।

Advertisement

राज्य शासन का सहयोग और युवा वर्ष

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना दिवस के आयोजनों को गरिमामय बनाने के लिए राज्य शासन आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा। विभिन्न आयोजनों में राज्य शासन के विभाग सहभागी होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2027 प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के समुचित प्रयास किए जाएंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम

वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने जानकारी दी कि सेना दिवस के अंतर्गत 1 नवंबर 2026 को ‘संकल्प वृक्ष’ आयोजन के तहत शौर्य स्मारक परिसर में पौध-रोपण किया जाएगा। माह जनवरी 2027 में सैन्य प्रदर्शनी और एकीकृत युद्ध प्रदर्शन प्रस्तावित है। भोपाल के भेल क्षेत्र में कालीबाड़ी मार्ग पर 15 जनवरी को आर्मी डे मुख्य परेड का आयोजन होगा। इसी दिन, 15 जनवरी की शाम को तात्या टोपे नगर स्टेडियम में देशभक्ति से ओतप्रोत ‘शौर्य संध्या, रण हुंकार’ का आयोजन किया जाएगा।