बुलंद सोच, खरगोन।
_2026930_205020_m.webp)
मालवा-निमाड़ को महाराष्ट्र और दक्षिण भारत से सीधे जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित मनमाड़-इंदौर नई ब्रॉडगेज रेल परियोजना के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
मध्य रेलवे के निर्माण संगठन द्वारा परियोजना के एक महत्वपूर्ण हिस्से के लिए लगभग 4930.91 करोड़ रुपये की लागत का ईपीसी ई-टेंडर जारी किया गया है। इस टेंडर के तहत डॉ. अम्बेडकर नगर (महू) से ग्यासपुरखेड़ी तक 72.66 किलोमीटर लंबे रेलखंड का निर्माण किया जाएगा।
अनुबंध आवंटित होने के बाद इस पूरे निर्माण कार्य को चार वर्ष में पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की गई है। इस मार्ग पर 25 बड़े पुल, सात स्टेशन, चार रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) और सुरंगों का निर्माण प्रस्तावित है। इस प्रक्रिया के आगे बढ़ने से मुख्य रूप से निमाड़ क्षेत्र में रेलमार्ग के सपने पटरी पर आए हैं।
इस महत्वपूर्ण रेलखंड में कठिन पहाड़ी और मैदानी भू-भाग को देखते हुए बड़े पैमाने पर रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। जारी टेंडर के अनुसार, इस रेल मार्ग पर 25 मेजर रेलवे पुल, अनेक माइनर ब्रिज, चार रोड ओवर ब्रिज और पहाड़ी क्षेत्रों में सुरंगों का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त, एक बड़े और ऊंचे रेलवे वायडक्ट का भी निर्माण प्रस्तावित है।
72.66 किलोमीटर के इस हिस्से में कुल सात रेलवे स्टेशन प्रस्तावित बताए गए हैं। इनमें ग्यासपुरखेड़ी, चिकट्यावड़, नीमगढ़, सराय तालाब, झाड़ी बड़ौदा, केलौद और कमदपुर शामिल हैं।
निविदा प्रक्रिया की समय-सारणी
जारी निविदा के अनुसार, पहली प्री-बिड बैठक 30 नवंबर को और दूसरी प्री-बिड बैठक 30 दिसंबर को होगी।
ऑनलाइन बोली प्रक्रिया 4 फरवरी 2027 से शुरू होगी और निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 18 फरवरी 2027 सुबह 11 बजे निर्धारित की गई है।
निविदा में भाग लेने वाली फर्मों के लिए लगभग 9.86 करोड़ रुपये की ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट) निर्धारित है।
किसानों का विरोध प्रदर्शन
इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन और ईस्टर्न रिंग रोड के खिलाफ किसानों ने कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया था। कलेक्टर से चर्चा के बाद यह आंदोलन 20 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है।

