बुलंद सोच, इंदौर।

अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लि. (एआईटीसीएसएल) परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा वंदन कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत आयोजित किया गया था। इस दौरान नागरिकों को सुविधाजनक, सुगम एवं बेहतर सार्वजनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। वर्तमान में पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से 70 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 150 किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत एआईटीसीएसएल द्वारा इंटरसिटी मार्गों पर इंदौर से धार, अशोक नगर, झाबुआ, रतलाम, रीवा, पन्ना, छतरपुर, सतना, जबलपुर, चंदेरी, उज्जैन, खंडवा, बुरहानपुर, भोपाल, मंदसौर/नीमच, ओंकारेश्वर, अहमदाबाद, जयपुर, उदयपुर, मुल्ताई एवं नागपुर अधिसूचित मार्गों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों के माध्यम से प्रमुख शहरों के साथ देश के महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों और महानगरों तक आवागमन सुगम होगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड, बस स्टॉप और चार्जिंग स्टेशनों के साथ सुव्यवस्थित नियंत्रण प्रणाली भी लागू की गई है। एआईसीटीएसएल के कार्यकारी निदेशक अर्थ जैन के अनुसार, शहरी एवं इंटरसिटी मार्गों पर यात्री बसों में महिला सुरक्षा के लिए पेनिक बटन, सीसीटीवी कैमरे और लाइव ट्रेकिंग सिस्टम से निगरानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन बसों में इलेक्ट्रिक एसी बस, डिजिटल/यूपीआई टिकटिंग पेमेंट सिस्टम, रियायत पास सेवा, दिव्यांग पास सेवा और विद्यार्थी पास सेवा भी उपलब्ध है।
कार्यक्रम में तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, मालिनी गौड़ एवं एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया, तथा कलेक्टर शिवम वर्मा ने बस को फ्लैग ऑफ किया। फ्लैग ऑफ के बाद यात्रियों सहित सभी ने बस में सफर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुगम बस सेवा का संकल्प था, जिसे पूरा करके दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि यह बस सेवा गरीबों, किसानों और विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई है।

