बुलंद सोच, महू।

बड़गोंदा थाना क्षेत्र के सीतापाट स्थित एक निजी मैगजीन से 300 किलो विस्फोटक चोरी होने के मामले में पुलिस की जांच अब जंगल और खेतों में होने वाली ब्लास्टिंग गतिविधियों तक पहुंच गई है।
पुलिस को वारदात स्थल से लगभग 150 मीटर दूर 25 एमएम नाइट्रेटेड मिक्सर का एक बाक्स, डेटोनेटिंग फ्यूज और एक टामी मिली है। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि मैगजीन में चोरी करने के बाद बदमाश इन सामग्रियों को जंगल में फेंककर गए होंगे।
जांच के दौरान यह सामने आया कि मैगजीन में खिड़की तोड़कर प्रवेश किया गया था। जंगल में मिली टामी को लेकर पुलिस को संदेह है कि इसी की मदद से बदमाशों ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया होगा।
प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि चोरों ने मुख्य रूप से 25 एमएम और 40 एमएम नाइट्रेटेड मिक्सर के बाक्स को निशाना बनाया। अधिक विस्फोट तीव्रता क्षमता वाले बाक्स को छोड़कर कम क्षमता वाले बाक्स चोरी किए गए थे।
इसी आधार पर पुलिस की एसआईटी अब ट्रैक्टर के माध्यम से खेतों में कुएं सहित अन्य कृषि कार्यों के लिए होने वाली ब्लास्टिंग की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
आसपास के जिलों की सीमाओं से लगे गांवों के जंगल और खेतों में भी ब्लास्टिंग से जुड़ी गतिविधियों की सघनता से तफ्तीश की जा रही है।
शुरुआती जांच में पुलिस खदान और ब्लास्टिंग से जुड़े लोगों से पूछताछ कर चुकी है। सीतापाट क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का भी बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है।

