BREAKING NEWS
2026-10-17

मुरैना में दुकानदारों ने मृत वानर का लाल कफन ओढ़ाकर किया अंतिम संस्कार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मुरैना।

मुरैना के मुख्य बाजार में शुक्रवार को एक वानर ने दम तोड़ दिया। यह वानर सदर बाजार, हनुमान चौराहा क्षेत्र के मकानों और पेड़ों पर विचरण करता था। शुक्रवार तड़के से वानर का शव सड़क पर पड़ा था। इस दौरान नगर निगम के सफाईकर्मी बाजार की सड़कों पर झाडू लगाकर चले गए, लेकिन उन्होंने वानर के शव को हाथ नहीं लगाया।

Advertisement

सदर बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजेंद्र खेड़ा सुबह 10 बजे अपनी दुकान खोलने आए। उनकी नजर सड़क पर पड़े वानर के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपने साथी दुकानदारों और समाजसेवियों को बुलाया।

दुकानदारों और समाजसेवियों ने वानर के शव को लाल कफन ओढ़ाया और माला पहनाई। इसके बाद वे स्कूटी पर शव लेकर बड़ोखर मुक्तिधाम पहुंच गए।

मुक्तिधाम में सूचना मिलने पर नगर निगम कर्मचारी नीलेश कारखुर (श्मशान प्रभारी), अमन कारखुर और समाजसेवी आशिफ कुरैशी, शिवसिंह खटीक भी पहुंच गए। सभी ने मिलकर एक गड्ढा खोदा। इसके बाद अंतिम संस्कार की विधियों के साथ वानर का शव गड्ढे में दफन कर अंतिम संस्कार किया।

तेजेंद्र खेड़ा ने बताया कि यह वानर बाजार में चहलकदमी करता था और कभी किसी दुकानदार या ग्राहक को परेशान नहीं करता था। फल वाले उसे खाने देते थे और वह लेकर चला जाता था। खेड़ा ने यह भी बताया कि वे लावारिश शवों का अंतिम संस्कार करते हैं, इसलिए वानर का शव इस हाल में देखकर उनसे रहा नहीं गया।