बुलंद सोच, रतलाम।
मध्य प्रदेश में बस यात्रियों को अब अधिक जेब ढीली करनी पड़ेगी। बस संचालकों द्वारा हड़ताल की चेतावनी दिए जाने के बाद राज्य शासन ने यात्री किराए में वृद्धि कर दी है। अब पहले पांच किलोमीटर तक न्यूनतम किराया 10 रुपये तथा इसके बाद प्रति किलोमीटर किराया 1.25 रुपये से बढ़ाकर 2 रुपये कर दिया गया है। यह वृद्धि प्रति किलोमीटर 75 पैसे की है, जो पुराने किराए की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत अधिक है।
प्रमुख मार्गों पर प्रभाव
नए किराए के निर्धारण के अनुसार, रतलाम से इंदौर, मंदसौर, नीमच, पेटलावद, बदनावर, सैलाना सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को अब पहले की तुलना में काफी अधिक राशि चुकानी होगी।
रतलाम से प्रमुख शहरों का किराया
नए किराया निर्धारण के तहत रतलाम से इंदौर का किराया अब 272 रुपये हो गया है, जबकि पहले इस दूरी पर लगभग 170 रुपये चुकाने पड़ते थे। इसी प्रकार, रतलाम से नीमच का किराया अब 270 रुपये होगा, जो पहले करीब 169 रुपये था।
अन्य मार्गों पर किराए की दरें
रतलाम से मंदसौर के लिए अब 180 रुपये का किराया लगेगा, जबकि पहले लगभग 113 रुपये लगते थे। बदनावर के लिए 90 रुपये के बजाय करीब 56 रुपये तथा पेटलावद के लिए 120 रुपये के बजाय करीब 75 रुपये किराया लगता था।
छोटी दूरी के यात्रियों पर भी असर
छोटी दूरी के यात्रियों पर भी इस किराया वृद्धि का असर पड़ेगा। रतलाम से सैलाना का किराया अब 40 रुपये हो गया है, जो पहले करीब 25 रुपये था। पिपलोदा का किराया अब 80 रुपये होगा, जो पहले लगभग 50 रुपये था, और खाचरौद का किराया 56 रुपये हो गया है, जो पहले करीब 35 रुपये था। बाजना जाने वाले यात्रियों को अब 100 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह किराया करीब 63 रुपये था।
बस संचालकों की मांग
रतलाम जिला बस एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबेंद्रसिंह गुर्जर ने बताया कि बस संचालक लंबे समय से किराया वृद्धि की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डीजल, टायर सहित अन्य सामान की कीमतों में वृद्धि के चलते यह वृद्धि आवश्यक थी।
तत्काल प्रभाव से लागू
बस संचालक बलवंत भाटी ने जानकारी दी कि नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि किराया नहीं बढ़ने से बस संचालकों को घाटा हो रहा था।
दैनिक यात्रियों पर महंगाई की मार
मध्य प्रदेश में बसों का किराया बढ़ने से रोजाना बड़े शहरों में आवागमन करने वाले यात्रियों पर महंगाई की मार पड़ेगी।

