BREAKING NEWS
2026-10-17

मध्य प्रदेश पुलिस में 223 अधिकारी निरीक्षक पद पर पदोन्नत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने कार्यवाहक निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों की पदोन्नति का आदेश जारी किया है। पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा जारी छह पृष्ठों के आदेश में 223 पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के नाम शामिल हैं, जिन्हें निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है।

यह आदेश विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक के बाद जारी किया गया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के पूर्व आदेश क्रमांक पुमु/3/कार्मिक/स-12/1006/2026, दिनांक 13 जुलाई 2026 के तहत कुल 1029 लोक सेवकों को कार्यवाहक निरीक्षक/उपनिरीक्षक के पद से निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया था।

Advertisement

इसके बाद विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक आयोजित कर उसका प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसी प्रतिवेदन के आधार पर आगे की पदोन्नति संबंधी कार्रवाई की गई है।

पदोन्नति आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों को निरीक्षक पद के रिक्त पदों पर स्थानापन्न/अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदोन्नत किया गया है। उन्हें वरिष्ठता सूची के क्रमांक के अनुसार वर्तमान पद पर लागू वेतनमान 9300-34800+4200 के स्थान पर मध्य प्रदेश वेतन पुनरीक्षण नियम-2017 में निर्धारित पे-मैट्रिक्स लेवल-10 में कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रवेश दिया जाएगा।

जारी सूची में ग्वालियर, जबलपुर, भिंड, सिवनी, भोपाल, बैतूल, मंडला, छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन, रीवा, सतना, सागर, धार, खंडवा समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में पदस्थ अधिकारियों के नाम शामिल हैं।