BREAKING NEWS
2026-10-17

मुंबई के JW मैरियट होटल में खाने की मेज पर मिला कॉकरोच, डॉ. अशोक सेठ ने साझा किया अनुभव

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मुंबई।

मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अशोक सेठ ने मुंबई के एक लग्जरी 5-स्टार होटल में साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि डिनर के दौरान उनकी मेज पर एक जिंदा कॉकरोच रेंगता हुआ मिला। इस घटना से उनकी भूख खत्म हो गई और वे खाना छोड़कर चले गए।

फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के चेयरमैन डॉ. सेठ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शनिवार रात हुई इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए लिखा कि गंदगी से जुड़े इस अनुभव ने उनकी भूख पूरी तरह खत्म कर दी, जिसके कारण उन्हें अपना डिनर बीच में ही छोड़कर रेस्टोरेंट से बाहर निकलना पड़ा।

Advertisement

डॉ. सेठ ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “देखिए डिनर के लिए कौन अचानक आ गया। शनिवार की रात मुंबई के JW मैरियट, सहार के रोमांसो रेस्टोरेंट में हमारी टेबल पर ‘रोची’ (एक छोटा कॉकरोच) आ गया और हमारे साथ डिनर करना चाहता था। हमारे समझाने के बावजूद, ‘रोची’ वहां से जाने को तैयार नहीं था। शायद उसे पास्ता नहीं, पिज्जा चाहिए था। लेकिन उसने सच में हमारी भूख खत्म कर दी। हम वहां से चले आए।”

डॉ. सेठ ने अपनी पोस्ट में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) कमिश्नर तुकराम मुंढे को टैग करते हुए कहा, “अच्छी बात यह है कि हम तुकराम मुंढे के अधिकार क्षेत्र में हैं और पूरी संभावना है कि वह इस मामले को भी देखेंगे।” तुकराम मुंढे खाने की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा कानूनों को लागू करने के मामले में सख्त ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति अपनाने के लिए जाने जाते हैं।

महाराष्ट्र एफडीए रेस्तरां, होटल, सड़क किनारे खाने की दुकानों और खाना परोसने वाली अन्य जगहों पर जांच कर रहा है। इसमें ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए खाना सप्लाई करने वाले संस्थान भी शामिल हैं।

विभाग ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई भी की है, जिसमें लाइसेंस निलंबित करना और सुधार के लिए नोटिस देना शामिल है।

इन जांचों में मिलावटी दूध, रेस्तरां में परोसा जाने वाला खाना, स्कूलों के आस-पास बिकने वाला जंक फूड और प्रतिबंधित गुटखा व तंबाकू वाले पान मसाला के बनाने और बेचने जैसे मामले भी शामिल हैं।