बुलंद सोच, रीवा।

रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने गुढ़ में शनिवार को ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास’ कार्यक्रम के दौरान जिस बस में सवार होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे थे, उसे ही सीज करवा दिया।
यह बस तिवारी बस सर्विस की थी और इसमें वैध फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट तथा बीमा के कागजात नहीं पाए गए। बस की स्थिति भी अत्यंत खराब थी।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कलेक्टर ने परिवहन विभाग और उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) को बुलाकर बस की जांच करवाई।
जांच में अनियमितता की पुष्टि होते ही उन्होंने बस को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को फिटनेस रद करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर की सख्त चेतावनी
कलेक्टर सूर्यवंशी ने कहा कि नियम सभी के लिए समान हैं।
उन्होंने प्रश्न किया कि यदि सरकारी कार्यक्रम में ही बिना फिटनेस की बसें चलेंगी, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
कलेक्टर ने जिले के सभी बस संचालकों को चेतावनी दी है कि बिना परमिट, फिटनेस और बीमा के कोई भी बस सड़क पर न चलाएं, अन्यथा ऐसी ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

