BREAKING NEWS
2026-10-17

सागर: संदिग्ध परिस्थितियों में 6 की मौत, 5 गंभीर; जहरीली शराब की आशंका

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सागर।

सागर जिले के बंडा में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में छह लोगों की मौत हो गई। इसी घटना में पांच अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया है। इस घटना के बाद जहरीली शराब पीने की आशंका जताई जा रही है।

Advertisement

हालांकि, इन मौतों के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन और पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें जहरीली शराब की आशंका को भी ध्यान में रखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब दर्जनभर लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान छह लोगों की मृत्यु हो गई।

मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम बंडा अस्पताल में कराया जा रहा है। गंभीर हालत वाले पांच मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बीएमसी सागर भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बंडा पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कराई।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बंडा में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

मृतकों की पहचान

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतकों में गूगरा खुर्द निवासी गोलू उर्फ चमन लोधी (45), नौराज निवासी दिग्विजय लोधी (28), नौराज निवासी करतार सिंह लोधी (30), गूगरा खुर्द निवासी उजियार सिंह लोधी (56), पाटन थाना विनायका निवासी रोशन लोधी (30) और नौराज-गूगरा निवासी राजेंद्र लोधी (32) शामिल हैं। यह जानकारी भी सामने आई है कि गोलू उर्फ चमन को पहले से कैंसर की शिकायत थी।

गंभीर मरीजों का विवरण

गंभीर हालत में बीएमसी सागर रेफर किए गए मरीजों में चौका निवासी हरनाम राय (42), दलपतपुर निवासी उत्तम नत्थू नायक (42), गूगरा खुर्द निवासी मंगल रजक (40), हिनौता निवासी परम आदिवासी और हिनौता निवासी धनसिंह आदिवासी (30) शामिल हैं।