बुलंद सोच, ग्वालियर।

एलीवेटेड रोड निर्माण कार्य के चलते फूलबाग से गुरुद्वारा तक का मार्ग लगभग दो माह से बंद था। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आमजन को असुविधा से बचाने के लिए इस मार्ग को एक दिन के लिए खोला गया था और निर्माण कार्य रोक दिया गया था।
शनिवार से यह मार्ग पुनः बंद कर दिया गया, जिसके कारण वाहनों को संकरे वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ा। इसके परिणामस्वरूप दिनभर यातायात रेंगता रहा और जाम की स्थिति बनी रही।
फूलबाग चौराहे पर मोती मस्जिद के आगे से मार्ग को शनिवार सुबह से ही स्टापर लगाकर बंद कर दिया गया। फूलबाग चौराहे से नदीगेट की ओर जाने वाले वाहनों को मोती मस्जिद वाले रास्ते से चिड़ियाघर होते हुए जल विहार के सामने से हाथीगेट तक पहुंचना पड़ा। इसके बाद वाहन मोती तबेला से होते हुए नदीगेट पहुंचे।
यह वैकल्पिक मार्ग अत्यधिक संकरा है, जिसके चलते यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
कुछ वाहन मोती मस्जिद से पहले फूलबाग मैदान के बगल वाले रास्ते से भी निकले। कई वाहन लक्ष्मीबाई समाधिस्थल से मानस भवन होते हुए बारादरी से जल विहार की ओर पहुंचे।
इन संकरे रास्तों पर यातायात का भार अधिक होने के कारण जाम लगा। आगे संकट मोचन मंदिर के सामने गड्ढे अभी भी मौजूद हैं, जो जाम का कारण बन रहे हैं। पुलिस ने इन गड्ढों में मलबा भरवाया था, लेकिन वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण मलबा हट गया।
हाथीगेट के सामने सबसे अधिक जाम लगता रहा। यहां मोती तबेला, जल विहार और बैजाताल की ओर से आने वाले वाहन आमने-सामने आ जाते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है।

