BREAKING NEWS
2026-10-17

सागर में जहरीली शराब से 18 लोगों की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सागर।

सागर जिले के बंडा तहसील अंतर्गत गूगराखुर्द, नौराज, पाटन, हिनौती, बमूरा एवं तिंसी सहित आसपास के गांवों में संदिग्ध अवैध जहरीली शराब के सेवन से अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस एवं आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। बंडा क्षेत्र की छह शराब दुकानों को एहतियातन सील कर दिया गया है।

शराब के सैंपल जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। आपूर्ति और बिक्री नेटवर्क की सघन जांच जारी है।

स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें नौराज, गूगराखुर्द, डिलौना, पाटन, बमूरा और हिनौती आदि प्रभावित गांवों में तैनात की गई हैं। ये टीमें घर-घर जाकर शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग कर रही हैं।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अपील की है कि यदि पिछले 24 से 48 घंटों में शराब का सेवन करने के बाद किसी भी व्यक्ति को उल्टी, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना या शरीर में अकड़न जैसे लक्षण महसूस हों, तो वे तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।

विधायक शैलेंद्र जैन ने घटना के चलते शहर में आयोजित होने वाले दही हांडी के कार्यक्रम को निरस्त कर दिया। इसके बाद वे पीड़ितों से मिलने के लिए बीएमसी पहुंचे, जहां जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी भी मौजूद रहे।

देर दोपहर में मध्य प्रदेश नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी पीड़ितों से मुलाकात करने के लिए बीएमसी पहुंचे। उन्होंने इस दौरान सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेसियों ने बताया कि सोमवार को प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी सागर आएंगे।

जानकारी के अनुसार, जहरीली शराब की आपूर्ति एक भाजपा नेता द्वारा की जाती थी।