BREAKING NEWS
2026-10-17

उज्जैन में चरित्र शंका को लेकर पति ने पत्नी पर दराते से किया जानलेवा हमला

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, उज्जैन।

उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र स्थित ढांचा भवन में गुरुवार रात एक व्यक्ति ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी पर दराते से हमला कर दिया। इस हमले में महिला के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

Advertisement

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपित धारदार हथियार से वार करता नजर आ रहा है। घायल महिला ने चिमनगंज थाने पहुंचकर इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ढांचा भवन निवासी माला चौधरी का अपने पति सुनील से करीब छह महीने से विवाद चल रहा था। महिला के अनुसार, उसका पति उसके चरित्र पर शंका करता है, जिसके कारण दोनों अलग-अलग रह रहे थे।

परिवार का खर्च चलाने के लिए माला होटल में काम करने जाती है। उसके एक बड़ी बेटी और दो छोटे बेटे हैं। महिला का आरोप है कि पति काम नहीं करता और घर के खर्च के लिए रुपये भी नहीं देता, इसके बावजूद वह उसके काम पर जाने को लेकर आए दिन विवाद करता था।

महिला ने बताया कि गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे सुनील धारदार हथियार (दराता) लेकर उसके पास पहुंचा। दोनों के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान उसने दराते से माला पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से महिला के हाथ और पैर में गहरी चोटें आईं।

शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। घायल महिला को उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपित पति महिला पर धारदार हथियार से हमला करता दिखाई दे रहा है। महिला का यह भी कहना है कि पति पहले भी उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता रहा है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनाक्रम, सीसीटीवी फुटेज और महिला के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।