बुलंद सोच, उज्जैन।
उज्जैन के उर्दूपुरा में एक पुराने मकान को तोड़ते समय अचानक दीवार गिरने से तीन मजदूर घायल हो गए। यह हादसा जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के उर्दूपुरा स्थित रस्सी गली में हुआ।
कमल सांखला के इस पुराने मकान को नए निर्माण के लिए डिस्मेंटल करने का काम चल रहा था। हादसे के वक्त मौके पर करीब छह से सात मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से तीन मजदूर मलबे की चपेट में आ गए।
दीवार गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर एकत्र हुए और मलबे को हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला।
घायलों में सुनीता, गोविंद और राजू शामिल हैं। घटना के ठीक सामने रहने वाले शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने अपनी टीम के साथ तुरंत मदद पहुंचाई और घायलों को उपचार के लिए चरक भवन स्थित जिला अस्पताल भिजवाया।
घायलों की स्थिति और जांच
हादसे में घायल मजदूर एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। इनमें से कुछ स्थानीय हैं और कुछ रतलाम से मजदूरी व मिस्त्री का काम करने उज्जैन आए थे।
सीएसपी पुष्पा प्रजापति के अनुसार, हादसे में दो पुरुष और एक महिला घायल हुए हैं। डॉक्टरों द्वारा कराए गए एक्स-रे में एक मजदूर को हाथ-पैर में फ्रैक्चर आया है, जबकि महिला मजदूर को हल्की चोटें लगी हैं। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
बताया गया है कि मौके पर मजदूर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम कर रहे थे, जिसके कारण दीवार गिरते ही वे सीधे इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही जीवाजीगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

