BREAKING NEWS
2026-10-17

उमरिया के लालपुर आवास में पीआईयू इंजीनियर दिलीप टेकाम की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, उमरिया।

पीआईयू विभाग में पदस्थ अधिकारी इंजीनियर दिलीप सिंह टेकाम की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। वह शहर के लालपुर स्थित आवास में रहते थे। वह अपने कमरे में सोने चले गए थे, लेकिन मंगलवार सुबह उठे नहीं। सुबह से ही विभाग के कर्मचारियों ने उनके आवास पर पहुंचकर कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उनका मोबाइल फोन भी बंद बताया गया।

Advertisement

दिनभर प्रयास के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो शाम को उनके ड्राइवर ने इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। इसके बाद देर शाम पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। बताया जा रहा है कि दिलीप सिंह टेकाम शराब का अत्यधिक सेवन करते थे। प्रारंभिक तौर पर शराब के सेवन को उनकी मौत से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

दिलीप टेकाम के निधन की खबर से पीआईयू विभाग के कर्मचारियों और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा उनके परिजनों को सूचना देने के साथ ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।