BREAKING NEWS
2026-10-17

विदिशा जिला अस्पताल में आवारा कुत्तों का डेरा, मरीजों के बीच घूमता दिखा झुंड

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, विदिशा।

इंटरनेट मीडिया पर विदिशा जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें रात के समय आवारा कुत्तों का झुंड अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के बीच घूमता नजर आ रहा है। वीडियो में कई मरीज और उनके परिजन, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, परिसर में सोते दिखाई दे रहे हैं।

Advertisement

अस्पताल परिसर में कुत्तों के इस तरह घूमने से मरीजों और उनके स्वजनों में चिंता व्याप्त है। खासकर रात के समय यदि कोई कुत्ता किसी मरीज या बच्चे पर हमला कर दे तो एक बड़ी घटना होने की आशंका जताई जा रही है।

विडंबना यह है कि लोग कुत्ते के काटने के बाद जिस अस्पताल में रेबीज का इंजेक्शन लगवाने पहुंचते हैं, उसी परिसर में आवारा कुत्तों का झुंड घूम रहा है।

शहर के लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल में सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात हैं। इसके बावजूद कुत्तों का परिसर में प्रवेश करना रात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। मरीजों के स्वजनों का कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि आवारा जानवर अंदर न पहुंच सकें।