BREAKING NEWS
2026-07-24

भोपाल में भाजपा का कांग्रेस कार्यालय घेराव प्रयास, पुलिस ने रोका

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। यह प्रदर्शन दिल्ली में कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री आवास के निकट किए गए धरना-प्रदर्शन और हंगामे के विरोध में आयोजित किया गया था।

Advertisement

प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता दोपहर करीब एक बजे रेड क्रॉस अस्पताल से कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च के लिए निकले।

कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए लिंक रोड पर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया। कांग्रेस कार्यालय के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया और कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश भी की। इसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस की सतर्कता के चलते कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचने नहीं दिया गया।

मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।