बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कलेक्ट्रेट स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है।
निधि चौकसे को एमपी नगर एसडीएम का प्रभार
डिप्टी कलेक्टर निधि चौकसे, जो लंबे समय से कलेक्ट्रेट में पदस्थ थीं, को एमपी नगर वृत्त का एसडीएम नियुक्त किया गया है। इस संबंध में आदेश गुरुवार को जारी किए गए। एमपी नगर एसडीएम का पद संयुक्त कलेक्टर एलके खरे के अपर कलेक्टर पद पर पदोन्नत होने के बाद से रिक्त था। अब यह जिम्मेदारी निधि चौकसे को सौंपी गई है। उनके अधीन एमपी नगर, हरिजन कल्याण, अवधपुरी, बाग सेवनिया, क्राइम ब्रांच, अजाक्स, महिला थाना और जीआरपी थाना क्षेत्र आएंगे।
दीपक पांडेय को डिप्टी डीईओ की जिम्मेदारी
इसके अलावा, डिप्टी कलेक्टर एवं शहर वृत्त एसडीएम दीपक पांडेय को उप जिला निर्वाचन अधिकारी (डिप्टी डीईओ) की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। वे निर्वाचन संबंधी कार्यों के साथ-साथ जनगणना कार्य का दायित्व भी संभालेंगे।
रवीश कुमार श्रीवास्तव को महत्वपूर्ण शाखाएं
संयुक्त कलेक्टर एवं बैरागढ़ वृत्त एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव को भी कई अहम शाखाओं का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें भू-संसाधन प्रबंधन, राहत एवं आपदा प्रबंधन, नजूल, आरआरसी, वक्फ प्रकरण, भू-अर्जन एवं मेट्रो परियोजना संबंधी कार्यों के साथ भूमि आवंटन शाखा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लाखन चौधरी संभालेंगे सीएम हेल्पलाइन और शिकायत शाखा
वहीं, डिप्टी कलेक्टर लाखन चौधरी को प्रशासनिक निगरानी से जुड़ी महत्वपूर्ण शाखाओं का दायित्व सौंपा गया है। उनके पास अब सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन, टीएल बैठक, जनसुनवाई, लोक सेवा प्रबंधन तथा सामान्य शिकायत शाखा का प्रभार रहेगा।

