BREAKING NEWS
2026-07-25

भोपाल में करोड़ों की डकैती: सात माह बाद सक्रिय सदस्य शाहरुख कुरैशी जयपुर से धराया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी के एयरपोर्ट रोड स्थित सूरज नगर कॉलोनी में वरिष्ठ अधिवक्ता के घर हुई करोड़ों की डकैती के मामले में भोपाल पुलिस को सात महीने बाद बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे गैंग के सक्रिय सदस्य शाहरुख कुरैशी (30) को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है।

Advertisement

आरोपी शाहरुख को 21 जुलाई को जयपुर के झोटवाड़ा थाना पुलिस ने नांगल पुलिया क्षेत्र से अवैध देशी कट्टे के साथ पकड़ा। वह उसी हथियारबंद गैंग का सदस्य है, जिसने 25-26 दिसंबर 2025 की रात अधिवक्ता के घर डकैती डाली थी।

डकैती के बाद से शाहरुख लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। जांच में पता चला कि वह जयपुर के झोटवाड़ा में रह रहा था, जहां पुलिस को आशंका थी कि वह किसी नई वारदात की तैयारी कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर झोटवाड़ा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

अब भोपाल पुलिस शाहरुख से पूछताछ कर गैंग के बाकी फरार आरोपियों और लूटे गए माल के बारे में जानकारी जुटाएगी।

इस मामले की जांच में कुल 19 आरोपी सामने आए थे। वारदात के बाद पुलिस ने घर की नौकरानी ज्योति सावले, उसकी बहन किरण, अनिल भालसे, सादिक, मोहम्मद असद, अरबाज, गोलू और लकी सहित आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

इन गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका घर की रेकी करने और अंदर की जानकारी डकैतों तक पहुंचाने की थी। वहीं, मुख्य सरगना वाजिद अली उर्फ वज्जू, शाहरुख और उनके नौ अन्य साथी फरार हो गए थे, जिनमें शाहरुख भी शामिल था।

पुलिस के अनुसार, हथियारबंद गैंग ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। गैंग ने सबसे पहले घर के पालतू कुत्तों को मांस खिलाकर शांत किया और फिर शातिर तरीके से घर के ताले तोड़े।

डकैत घर से 18 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए थे।