बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में एक युवती से छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की है।
होशंगाबाद रोड स्थित एक पॉश कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय युवती ने मिसरोद थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि यह घटना 12 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8.40 बजे हुई। उस समय वह अपने पालतू कुत्ते को टहलाने निकली थीं।
इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक उनका पीछा करने लगा और उनके सामने अश्लील तथा अभद्र इशारे किए। इससे युवती घबरा गईं और तुरंत घर लौट आईं।
घटना अचानक होने के कारण वह स्कूटी का नंबर और युवक की पहचान नहीं कर सकीं।
घटना के बाद युवती ने कॉलोनी की अन्य महिलाओं से जानकारी जुटाई, जिससे पता चला कि संदिग्ध युवक अक्सर कॉलोनी में आता रहता है।
इसके उपरांत उन्होंने मिसरोद थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपित की शिकायत की। उनका आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपित अब भी खुलेआम घूम रहा है, जिससे उन्हें असुरक्षा महसूस हो रही है।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मिसरोद थाने में नवाचार करते हुए इसे उन चुनिंदा थानों में शामिल किया है, जहां बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रभावी निगरानी के लिए दो थाना प्रभारियों की व्यवस्था है।
इसके बावजूद शिकायत पर त्वरित कानूनी कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मिनी शुक्ला ने बताया कि मिसरोद थाने से इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है।

