बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित गोंदरमऊ क्वार्टर में गुरुवार को दो पड़ोसी परिवारों के बीच पुरानी रंजिश एक हिंसक संघर्ष में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवार और लाठी-डंडों से हमला किया।
घटना में रितिक नामक युवक की गर्दन पर तलवार लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दोनों पक्षों की तीन महिलाएं भी घायल हुईं, जिनमें पुष्पा को तलवार से चोट लगी, जबकि मुस्कान और दूसरे पक्ष की भागवती बाई को लाठी-डंडों से चोटें आईं।
पुलिस के अनुसार, रितिक और फूलसिंह बंसकार का परिवार आमने-सामने रहता है और उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह घर के बाहर रितिक और निर्भय की फूलसिंह से कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। इसी झड़प के दौरान रितिक पर तलवार से हमला किया गया।
एसआई बीआर सूर्यवंशी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। रितिक पर तलवार से हमले के मामले में दूसरे पक्ष के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

