BREAKING NEWS
2026-10-17

भोपाल के सिद्धांता और सृष्टि अस्पताल आयुष्मान योजना से निलंबित, भुगतान पर रोक

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

आयुष्मान भारत निरामयम् योजना में अनियमितताएं मिलने पर राज्य स्वास्थ्य एजेंसी ने भोपाल के दो निजी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की है। सिद्धांता रेडक्रास सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और सृष्टि हॉस्पिटल को योजना से निलंबित करते हुए उनके भुगतान पर रोक लगा दी गई है। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भोपाल की जांच रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण के बाद की गई।

Advertisement

राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद शाह ने बताया कि जांच में गड़बड़ियां सामने आई थीं। सिद्धांता रेडक्रास सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के पंजीयन और अनुज्ञप्ति निरस्तीकरण के संबंध में सीएमएचओ की ओर से प्रतिवेदन दिया गया था। इस अस्पताल के खिलाफ पहले मिली शिकायतों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की गई।

इसी तरह, सृष्टि हॉस्पिटल के संबंध में भी सीएमएचओ की जांच रिपोर्ट में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके आधार पर उसे आयुष्मान योजना से निलंबित कर भुगतान रोक दिया गया। अरविंद शाह ने यह भी कहा कि आयुष्मान योजना के प्रावधानों का उल्लंघन या किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।