बुलंद सोच, भोपाल।
_m.webp)
राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने नरसिंहगढ़ से इलाज कराने भोपाल आई 62 वर्षीय अशरफी बाई को डरा-धमाकर और नोटों की गड्डी का लालच देकर उनके सोने के जेवर हड़प लिए।
झांसा देकर फंसाया
पुलिस के अनुसार, नरसिंहगढ़ निवासी अशरफी बाई 3 सितंबर को हमीदिया अस्पताल में इलाज कराने आई थीं। डॉक्टर को दिखाने के बाद जब वह मेडिकल स्टोर पर दवा ले रही थीं, तभी करीब 30 वर्ष का एक युवक और 16-17 साल का किशोर उनके पीछे लग गए। आरोपितों ने मदद का झांसा देकर महिला का बैग अपने हाथ में ले लिया और उन्हें पैदल नक्कारखाना गेट की ओर ले आए।
विश्वास जीतने की तरकीब
नक्कारखाना गेट पहुंचते ही शातिर ठग ने अकेली बुजुर्ग महिला को अपनी बातों में उलझाना शुरू किया। आरोपित ने महिला में खौफ पैदा करते हुए कहा कि इलाके में बदमाश घूम रहे हैं, जो उनके सोने के जेवर छीन सकते हैं। महिला को बुरी तरह डराने के बाद ठग ने कपड़े में लिपटी 500 रुपये के नोटों की एक गड्डी दिखाई। महिला का विश्वास जीतने के लिए आरोपित ने साथ मौजूद किशोर को अपना बेटा बताया और गड्डी में से 500-500 रुपये के तीन असली नोट निकालकर उसके लिए सामान खरीदा।
रद्दी कागज थमाए
इस तरकीब से महिला को यकीन हो गया कि गड्डी में असली नोट ही हैं। इसके बाद, घबराई हुई महिला से आरोपित ने मंगलसूत्र और कान के टाप्स उतरवा लिए। बदले में, ठग ने महिला को कागजों का एक पुलिंदा थमा दिया और उन्हें ऑटो में बैठा दिया। पोटली खोलने पर, उसमें नोटों की जगह केवल रद्दी कागज निकले।
पुलिस जांच जारी
महिला ने अपनी बेटी के घर पहुंचकर जब पोटली खोली, तब ठगी का भंडाफोड़ हुआ। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हमीदिया अस्पताल से नक्कारखाना के बीच लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

