बुलंद सोच, ग्वालियर।

हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच के प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस ने बिलौआ क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी है।
डबरा अनुभाग के बिलौआ क्षेत्र में प्रतिबंधित खदानों से अवैध उत्खनन और खनिजों के परिवहन को रोकने के उद्देश्य से रविवार को कलेक्टर रुचिका चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) धर्मवीर सिंह अधिकारियों के दल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रतिबंधित खदानों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को हाईकोर्ट के आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित खदानों से न तो पत्थरों और अन्य खनिजों का उत्खनन होना चाहिए और न ही उनका परिवहन किया जाए। अधिकारियों को जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
निगरानी व्यवस्था
कलेक्टर के निर्देशों के बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बिलौआ और आसपास के संभावित रास्तों पर 8 चेकिंग पॉइंट स्थापित किए हैं। इन स्थानों पर वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।

इसके अतिरिक्त, जिला प्रशासन ने विशेष जांच दल (फ्लाइंग स्क्वाड) भी गठित किए हैं। ये दल 24 घंटे क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं और अवैध उत्खनन तथा परिवहन की निगरानी कर रहे हैं।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
कलेक्टर रुचिका चौहान ने अधिकारियों को पुन: निर्देश दिए कि हाईकोर्ट के आदेश का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित खदानों में किसी भी तरह का उत्खनन या वहां से खनिजों का परिवहन नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को क्षेत्र की लगातार निगरानी करने और मौके की वस्तुस्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि निगरानी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण में उपस्थित अधिकारी
क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें एडीएम सीबी प्रसाद, एसडीएम डबरा जूही गर्ग, संयुक्त कलेक्टर भूमिजा सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर अनिल राघव और जिला खनिज अधिकारी पंकजध्वज मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।


