बुलंद सोच, ब्यावरा।
ब्यावरा में पुनीत टॉकीज के पास रहने वाली एक 25 वर्षीय विवाहिता पिंकी ने अपने पति चंदन अहिरवार और ससुर चुन्नीलाल अहिरवार पर दहेज की मांग को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। विवाहिता ने अपने पति पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
विवाहिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पिंकी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2020 में चमारी निवासी चंदन पिता चुन्नीलाल अहिरवार के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद उनके दो बेटियां हैं।
पिंकी के अनुसार, शादी के कुछ समय तक पति ने उसे ठीक से रखा, लेकिन बाद में छोटी-छोटी घरेलू बातों को लेकर आए दिन विवाद करने लगा और गाली-गलौज कर परेशान करने लगा। आरोप है कि पति चंदन और ससुर चुन्नीलाल उससे कहते थे कि उसके पिता ने शादी में दहेज में कुछ नहीं दिया है और यदि उसे ससुराल में रहना है तो दहेज में मोटरसाइकिल लेकर आना होगा।
शिकायत के मुताबिक, 12 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे पति चंदन ने पिंकी से कहा कि वह उसके साथ नहीं रहना चाहता और दोनों बेटियों को लेकर घर से चली जाए। जब महिला ने कहीं जाने से इनकार किया, तो पति ने कथित तौर पर उसे जान से खत्म करने की धमकी दी।
इसके बाद महिला अपनी दोनों बेटियों को लेकर अपने मायके मधुसूदनगढ़ चली गई।

