बुलंद सोच, डिंडौरी।

डिंडौरी जिले के जनपद पंचायत शहपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मरवारी के पोषक ग्राम पड़रिया खुर्द से संबल योजना से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सामिया बाई झारिया के दस्तावेजों में पति का नाम राजेंद्र कुमार झारिया दर्ज है। 23 अगस्त 2022 को उनके आवेदन के आधार पर संबल योजना के तहत दो लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
रिकॉर्ड में विरोधाभास
इस मामले को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि जिस महिला सामिया बाई झारिया को रिकॉर्ड में मृत दर्शाया गया है, उन्हें वर्तमान में कल्याणी पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है और राशन भी प्राप्त हो रहा है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि एक ही सरकारी व्यवस्था में महिला को कहीं मृत और कहीं जीवित कैसे दर्ज किया गया।
जांच की मांग
यह पूरी प्रक्रिया जांच के दायरे में आती है। यदि महिला के जीवित होने के बावजूद किसी रिकॉर्ड में उसे मृत दर्शाकर संबल योजना की राशि स्वीकृत एवं भुगतान की गई है, तो इस पूरी प्रक्रिया की गहन जांच होनी चाहिए।
सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया पर सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि सामिया बाई झारिया को मृत घोषित करने की जानकारी किस स्तर से दर्ज की गई। साथ ही, संबल योजना की राशि जारी करने से पहले संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किस अधिकारी या कर्मचारी ने किया, इसकी भी जांच आवश्यक है। यह भी जांच की जानी चाहिए कि दो लाख रुपये की राशि किस खाते में और कौन सी प्रक्रिया के तहत पहुंची। यदि रिकॉर्ड में अनियमितता पाई जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी तय करना भी जरूरी होगा।
जिला प्रशासन पर नजर
यह मामला सामने आने के बाद अब लोगों की नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

